सदर तहसील क्षेत्र के बनौली खुर्द गांव में निर्माणाधीन रेलवे उपरिगामी पुल के स्लैब गिरने की सूचना पर प्रशासन हरकत में आ गया। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राहत की बात बताते हुए कहा कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुल का निर्माण कार्य सेतु निगम द्वारा कराया जा रहा है, जहां कार्य के दौरान ही यह क्षति हुई। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने बताया कि पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी पाई गई, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अपनी चिंताएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।