गोकशी में वांछित गिरफ्तार 50 हजार रुपये का इनामी मेडिकल को ले जाते समय पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया। पुलिस के घेराबंदी करने पर आरोपी ने पुलिस की पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी से सरकारी पिस्टल नौ कारतूस, एक खोखा बरामद किया है। आरोपी ने गत 15 अगस्त की रात में अपने साथियों के साथ मिलकर थाना क्षेत्र के गांव सबदलपुर, सुतारी के जंगल में गोकशी की वारदात को अंजाम दिया था।
एएसपी प्रेमसुख दड़िया ने बताया कि 15 अगस्त की रात में गांव सुतारी और सबदलपुर के जंगल में गोकशी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। आरोपी मुकीम निवासी गांव सुतारी थाना चोला के फरारी के चलते डीआईजी कलानिधि नैथानी ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 रुपये के इनाम की घोषणा की थी। सोमवार की सुबह आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को दो पुलिसकर्मी बाइक से मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। गैस गोदाम के पास पुलिसकर्मियों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मी की पिस्टल लेकर फरार हो गया। सूचना पर स्वाट टीम देहात और चोला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गैस गोदाम के पास झांडियों में आरोपी की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस की पिस्टल से पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया और उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया गया । आरोपी के कब्जे से सरकारी पिस्टल नौ कारतूस, एक खोखा बरामद किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।
11 आरोपियों को भेजा जा चुका है जेल, एक आरोपी पर लगाई एनएसए
एएसपी ने बताया कि उक्त गोकशी की घटना में अब तक पुलिस 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं एक आरोपी पर एनएसए की कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी आरोपी मुकीम शातिर किस्म का अपराधी है। आरोपी पर कोतवाली देहात और थाना चोला में चार आपराधिक मामले दर्ज है।