बदायूं नगर पालिका परिषद के मोहल्ला चित्रांश नगर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इलाके में लगी पानी की टंकी खराब होने के कारण 3000 से अधिक की आबादी पानी को तरस रही है। स्थिति यह है कि न पीने का पानी उपलब्ध है, न खाना बनाने के लिए और न ही दैनिक उपयोग के लिए पानी मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि संकट गहराने के बावजूद नगर पालिका परिषद की ओर से केवल एक पानी का टैंकर भेजा गया, वह भी दो दिन बाद। इससे भीषण किल्लत झेल रहे मोहल्लावासियों में भारी आक्रोश फैल गया। आम जनता शनिवार को सुबह चार बजे से खाली बर्तनों के साथ पानी लेने के लिए टैंकर के पास लाइन में खड़ी रही, लेकिन टैंकर एक बूंद भी पानी नहीं दे सका। इससे क्षुब्ध चित्रांश नगर के लोगों ने टैंकर के आगे बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान नगर पालिका परिषद खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई। स्थानीय लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा अगर हमारी फरियाद नहीं सुनी गई तो हम मजबूर होकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करेंगे।