बदायूं में एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी ली। परेड का संचालन क्षेत्राधिकारी उझानी/लाइन डॉ. देवेन्द्र कुमार द्वारा किया गया। परेड के दौरान पुलिसकर्मियों में अनुशासन, एकरूपता और कार्यकुशलता का आकलन किया गया। परेड के बाद उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से परेड ग्राउंड में दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही टोलीवार पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया गया और संपूर्ण ड्रिल की कार्यवाही कराई गई। इस दौरान शस्त्रों के संचालन, रख-रखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर भी अभ्यास कराया गया। इसके बाद एसएसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गार्डरूम, जीपी स्टोर, यातायात कार्यालय, परिवहन शाखा, जीडी कार्यालय, केंद्रीय पुलिस कैंटीन, पुस्तकालय, गैस एजेंसी, आरओ प्लांट, पुलिस कंट्रोल रूम, क्रिप्टो सेंटर पुलिस रेडियो शाखा, पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूं, आटा-मसाला चक्की, भोजनालय, पुलिसकर्मियों के बैरक एवं निर्माणाधीन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। नवनियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण को दृष्टिगत रखते हुए रिजर्व पुलिस लाइन स्थित आरटीसी बैरक, प्रशिक्षण स्कूल, अस्पताल, सैलून, भोजनालय एवं शौचालयों का भी निरीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ व सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।