बदायूं। त्योहारों और अन्य आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों ने बलवा ड्रिल का अभ्यास किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों ने भी हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान भीड़ नियंत्रण से लेकर उपद्रवी तत्वों से निपटने तक की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस स्मृति दिवस और राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम के तहत एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास का नेतृत्व एएसपी एवं सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने किया। ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने, लाठीचार्ज करने, अश्रु गैस का प्रयोग करने और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का अभ्यास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को विषम परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीके बताए गए। अभ्यास का उद्देश्य दंगा या उपद्रव जैसी स्थिति में पुलिस बल की तत्परता और कार्यक्षमता को बेहतर बनाना रहा। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।