दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में बदायूं जिले से एक हजार कांग्रेसी शामिल होंगे। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 25 से अधिक गाड़ियों और निजी साधनों से दिल्ली कूच करेंगे। मंगलवार को यूपीटी गेस्ट हाउस में रैली की तैयारी को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने की। इसके बाद एआईसीसी पर्यवेक्षक तरुण त्यागी और प्रदेश पर्यवेक्षक कौशलेंद्र यादव ने रणनीति बनाई और प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में पर्यवेक्षक तरुण त्यागी ने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस संघर्ष कर रही है और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए यह रैली की जा रही है। उन्होंने कि वह दिल्ली में आयोजित रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से प्लान तैयार कर रहे है। व्यापारियों की रैली स्थगित करने की मांग पर त्यागी ने बताया कि दिल्ली में 10 लाख से अधिक की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। इससे वहां पर और दिल्ली के लोगों को रोजगार मिलेगा। उनके अनुसार करीब 100 करोड़ का व्यापार दिल्ली में और बढ़ेगा। प्रदेश पर्यवेक्षक कौशलेंद्र यादव ने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसकी रक्षा के लिए संघर्ष जरूरी है। जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने बताया कि सभी विधानसभाओं में प्रचार अभियान और गांवों में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर बफाती मियां, दीपक मिश्रा, साजिद अली खान समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।