फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: Budaun में साईं मंदिर के पुजारी की ह*त्या, चांदी के दो मुकुट लूट ले गए बदमाश

बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नवादा इलाके में बीती रात साईं मंदिर के पुजारी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मंदिर से चांदी के दो मुकुट और दानपात्र में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना का खुलासा तब हुआ जब सफाई कर्मी मंदिर पहुंचा और कमरे में पुजारी का शव पड़ा देखा।

मृतक पुजारी मनोज शंखधार, मूल रूप से कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव कल्लिया काजमपुर के निवासी थे, और पिछले 15 वर्षों से नवादा स्थित साईं मंदिर में ही सेवा दे रहे थे। रविवार रात वे मंदिर परिसर में बने अपने कमरे में सो रहे थे। रात के किसी पहर बदमाश मंदिर में घुसे, पुजारी को बंधक बनाकर उनका गला कपड़े से कस दिया और हत्या कर दी। शव मिलने पर पता चला कि पुजारी के पैर भी बांधे हुए थे, जिससे यह साफ है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग और हिंदू संगठनों के सदस्य मौके पर पहुंच गए। लोगों में रोष फैल गया और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक तरीके से जांच शुरू की और मंदिर परिसर में बारीकी से साक्ष्य जुटाए।

एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्याकांड की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। पुलिस लगातार आसपास के इलाकों में सुराग तलाशने के साथ ही CCTV फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच में जुटी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें