लखनऊ से सहारनपुर के बीच संचालित वंदे भारत ट्रेन का प्रधानमंत्री ने वर्चुअल उद्घाटन किया। नजीबाबाद स्टेशन पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और रेल के अधिकारियों ने गर्मजोशी से ट्रेन चालक दल का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने चार वंदे भारत ट्रेनों के साथ लखनऊ से साहनपुर के बीच संचालित ट्रेन का सवेरे वर्चुअल उद्घाटन किया। लखनऊ से चली ट्रेन सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद होते हुए नजीबाबाद दोपहर 2:35 बजे पहुंची। पुष्प वर्षा के साथ ट्रेन का स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, चेयरमैन इंजीनियर मौअज्जम, ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने पुष्प वर्षा के साथ ट्रेन चालक दल के प्रेम सिंह और विपिन कुमार का स्वागत किया। करीब 10 मिनट ठहराव के बाद ट्रेन को जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर सहारनपुर के लिए रवाना किया।