हल्दौर। नगर में चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 27 हजार रुपये की नकदी व सोने के जेवर चोरी कर लिए। लोगों में दहशत व्याप्त है। चोरी होने से पुलिस में अफरातफरी मची हुई है। नगर के मोहल्ला हरिनगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद आरिफ दो दिन पूर्व अपनी सास की मौत पर घर का ताला लगाकर अपनी ससुराल अम्हेड़ा गए थे। चोरों ने मंगलवार की रात मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कमरे के दरवाजे व सेफ का लोकर तोड़कर उसके अंदर करीब 25 हजार रुपये की नकदी व करीब ढ़ाई लाख के जेवर चोरी कर लिए। सुबह परिजनों के वापस लौटने पर चोरी का पता चला। वहीं मोहल्ला राजीवनगर निवासी अरविंद कुमार के घर के बाहर बिजबिज लॉजिस्टिक सोल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड की दुकान संचालित है। चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़कर पार्सल, एलईडी, ऑनलाइन डेटा आदि चोरी कर लिया। चोरों ने इसी मोहल्ला निवासी चक्की चालाक में घुस गए और गल्ले से दो हजार रुपये की नकदी व रजाई, गद्दे आदि ले गए। वहीं मोहल्ला खेड़ा निवासी अमित कपड़ा व्यापारी है। चोर उसके घेर से पकड़ा आदि चोरी कर ले गए। पीड़ितों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है।