भदोही जिले के काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने ओबीसी छात्रावास के मरम्मत कार्य में घटिया निर्माण का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य मानक के अनुसार कराने की मांग किया। कहा कि सुधार न होने पर आंदोलन किया जाएगा। छात्रों ने कहा कि छात्रावास का मरम्मत कार्य करने वाली संस्था की तरफ से दोयम दर्जे का ईंट, बालू समेत अन्य जरूरी सामान का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे भविष्य में अल्प समय में भवन आदि गिर सकता है। विद्युतीकरण एवं जल निकासी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। इससे छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को काफी दिक्कतें होती है। खराब वायरिंग के कारण छात्रों को करेंट लगने की संभावना रहती है। निर्माण कार्य को दुबारा कराकर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। छात्रों की शिकायत पर प्राचार्य प्रो. रमेश चंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित फर्म को तय मानक से काम पूर्ण कराने का निर्देश दिया। मौके पर स्वतंत्र कुमार बिंद, जय प्रकाश पाल, धीरज दूबे आदि रहे।