देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर गुरुवार को पद यात्रा निकाली गई। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज से शुरु हुई पदयात्रा नगर भ्रमण के बाद मिल्की पहुंचकर समाप्त हुई। प्रभारी मंत्री एके शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए। राष्ट्रभक्ति गीतों और देशभक्ति नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आजादी के समय कई विरासतों को एक मिलाकर एक भारत का निर्माण किया। उनके योगदान को भूलाया नहीं जा सकता। इसके पूर्व उन्होंने जीआईसी में स्थित शहीद सुलभ उपाध्याय, ज्ञानपुर में शीतल पाल और शहीद पार्क में शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। जीआईसी से शुरु पद यात्रा केएनपीजी, हरिहरनाथ मंदिर, दुर्गागंज तिराहा, नथईपुर तिराहा होकर मिल्की के एक लॉन पर पहुंचकर समाप्त हुई। यहां आयोजित कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियां गिनाई गई। मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, विधायक विपुल दूबे, दीनानाथ भाष्कर, जिला प्रभारी नागेंद्र रघुवंशी, राजलक्ष्मी मंदा, पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय, सुनील मिश्रा, संतोष पांडेय, कन्हैया मिश्रा, प्रदीप सिंह, हरिओम सिंह, अश्विनी अग्रवाल, गोवर्धन राय, मनीष पांडेय, अखिलेंद्र सिंह बघेल चिंटू, राकेश दुबे, मनीषा अंबष्ट, सुषमा मालवीय समेत बड़ी संख्या में स्कूलों के विद्यार्थी मौजूद रहे।