भदोही नगर के मिर्जापुर रोड पर शनिवार को बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान बिजली चोरी में पांच उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज किया। 12 उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाने के साथ ही छह लाख 52 हजार राजस्व की वसूली की गई। विजिलेंस की कार्रवाई से उपभोक्ताओं में खलबली मची रही। अधिशासी अभियंता ज्ञानपुर खंड राजेश मौर्य ने बताया कि विद्युत व्यवस्था एवं लाइन हानियों की लगातार शासन स्तर से समीक्षा की जा रही है। उच्च लाइन हानि में गोपीगंज द्वितीय फीडर का चयन किया गया है। जिसको लेकर शनिवार को विजिलेंस टीम संग मिर्जापुर रोड पर जांच की गई। अभियान के दौरान बिजली चोरी में पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बताया कि बकाएदारों से छह लाख 52 हजार की राजस्व वसूली की गई। उन्होंने बताया कि आगे भी सघन जांच अभियान चलता रहेगा। कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक विद्युत मीटर स्थापित नहीं कराया है, वे तत्काल विभाग से संपर्क कर मीटर स्थापित करा लें। बिना मीटर विद्युत उपयोग और अनधिकृत रूप से विद्युत उपभोग मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।