शाहजहांपुर में डग्गामार वाहनों की वजह से परिवहन निगम का राजस्व घटने पर बुधवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने रोडवेज बस अड्डे के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया। सभी ने प्रशासन से डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। दोपहर करीब तीन बजे परिषद के पदाधिकारी बस अड्डे पर एकत्रित हुए। यहां बस अड्डे के सामने खड़ी निजी बस के सामने खड़े होकर प्रदर्शन किया। परिषद के अध्यक्ष राजेश पांडेय ने कहा कि डग्गामार वाहनों की वजह से रोडवेज बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे हैं। इससे लोड फैक्टर नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में संविदाकर्मियों के मानदेय पर फर्क पड़ रहा है। निगम को लाखों रुपये का राजस्व का नुकसान हो रहा है। एआरटीओ, जिला प्रशासन ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाएं। मंत्री विनोद मिश्रा, डिपो प्रभारी मृदुल कुमार सिंह, विजय शुक्ला, नृपेश सिंह, सूर्यपाल व एआरएम अरुण कुमार मौजूद रहे।