विश्व धरोहर सूची में शामिल बरेली के ब्रह्मपुरी से निकलने वाली रामबरात इस बार भी धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। रामबरात को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्रह्मपुरी स्थित नृसिंह मंदिर में 164 साल पुराने रथ को सजाया जा रहा है। मंदिर कमेटी से जुड़े विवेक शर्मा बताते हैं कि लकड़ी के रथ को हर वर्ष सिर्फ रामबरात से पहले ही इसे निकाला जाता है। रथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी सवार होकर भक्तों को दर्शन देने के लिए शहर में निकलेंगे। रामबरात के साथ यात्रा में करीब सात झांकियां शामिल होंगी, साथ ही तीन ट्रालो में गंगाजल रहेगा। इसी से हुरियारे मोर्चाबंदी के साथ लोगों को रंग में सराबोर करेंगे।