बरेली के आंवला स्टेशन पर सोमवार को आधुनिकीकरण कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित लोग उस समय हैरान रह गए, जब सपा के टिकट पर चेयरमैन निर्वाचित हुए सैयद आबिद अली ने मंच से भाजपा सरकार की शान में कसीदे पढ़ने शुरू किए। उन्होंने स्टेशन का आधुनिकीकरण करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। मंच से चेयरमैन आबिद अली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हम बचपन से आंवला स्टेशन के आधुनिकीकरण का सपना देखते थे। प्रधानमंत्री ने हमारे इस सपने को पूरा किया है। स्थानीय सांसद इस कार्य के लिए बधाई के पात्र हैं। हमारी दुआएं हैं कि आप तीसरी बार निर्वाचित होकर संसद में पहुंचे और इसी तरह जनता को सौगात दिलाते रहें।