बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के गांव नवादा बिलसंडी में शुक्रवार दोपहर एक झोपड़ी में आग लग गई, जिससे तीन बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। एक अन्य बच्ची झुलस गई। जानकारी के मुताबिक गांव नवादा बिलसंडी में रामदास का मकान है। उसकी छत पर पुआल रखा था। दोपहर के वक्त किसी तरह उसमें आग लग गई। जलता पुआल नीचे झोपड़ी पर जाकर गिरा। झोपड़ी के पास कुछ बच्चे लुकाछिपी खेल रहे थे। चार बच्चे झोपड़ी में छिपे हुए थे। पूरी झोपड़ी ने आग पकड़ ली। मासूम बच्चे लपटों के बीच में फंस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोस के लोग मौके पर दौड़े। उन्होंने बॉल्टियां में पानी भरकर किसी तरह आग बुझाई, लेकिन तब तक चारों बच्चे बुरी तरह जल चुके थे। इनमें तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। चौथी बच्ची को आननफानन अस्पताल ले जाया गया है। जानकारी मिलते ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने परिजनों से जानकारी की। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं।