बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के हरूनगला में बीडीए ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। बीडीए ने 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कॉलोनी चर्चित शराब कारोबारी मनोज जायसवाल की थी। बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार ने बताया कि हरूनगला में नक्शा स्वीकृत कराए बिना ही कॉलोनी विकसित की जा रही थी। सड़क, साइट ऑफिस, नाली एवं चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को उसे ध्वस्त करा दिया।