बरेली में सुबह-शाम कोहरे का असर अब तेज होने लगा है। बृहस्पतिवार की सुबह कोहरे ने पूरे जिले को अपनी गिरफ्त में ले लिया। मौसम का मिजाज देख लोग यही कहते नजर आए कि नवंबर में दिसंबर जैसा कोहरा पड़ रहा है। दृश्यता कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। इससे पूर्व बुधवार को मुंबई से करीब एक घंटे की देरी से बरेली के लिए उड़ी फ्लाइट यहां करीब तीन बजे पहुंची तो दृश्यता कम होने की वजह से उतारने की अनुमति नहीं दी गई। काफी देर तक हवा में मंडराने के बाद फ्लाइट को लखनऊ भेज दिया, जहां अमौसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई।