बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में प्रेम विवाह का एक साल भी पूरा नहीं हुआ था कि मंगलवार को पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को लूट जैसा दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की जांच में सारा सच सामने आने लगा है। मामला हाफिजगंज क्षेत्र के कमुआ गांव निवासी अनिल तिवारी और उसकी पत्नी अनीता (21) का है, जिन्होंने पिछले साल नवंबर में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों पीलीभीत हाईवे पर हरदुआ गांव के सामने ओम सिटी कॉलोनी में रहने लगे थे।
मंगलवार को अनीता का शव घर के बेड के नीचे खून से सना मिला। पास में ही एक रक्तरंजित हंसिया पड़ी थी। घर के बाहर ताला बंद था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में अनिल ने बताया कि वह सुबह अपने भाई सचिन के साथ काम पर चला गया था और शाम को लौटने पर घर में ताला पाया। जब ताला तोड़ा गया तो अंदर पत्नी का शव मिला।
हालांकि, एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा की जांच में कई विरोधाभास सामने आए। पूछताछ के दौरान अनीता के भाई चंद्रपाल ने बहनोई अनिल, देवर सचिन और सास-ससुर समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पति और देवर को हिरासत में ले लिया है।
जांच में सामने आया है कि अनिल और अनीता रिश्ते में फुफेरे भाई की साली और जीजा थे। शादी से पहले दोनों करीब चार साल से संपर्क में थे और परिवारों की सहमति से विवाह हुआ था। सूत्रों के अनुसार, शादी के बाद अनिल अनीता से ऊब चुका था और उसका किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात भी सामने आ रही है। अनीता इसका विरोध करती थी, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मंगलवार दोपहर अनीता की मां ने जब बेटी से संपर्क नहीं हो पाया तो दामाद अनिल को फोन किया। सामान्य दिनों में अनिल दिन में कई बार घर आता-जाता था, लेकिन उस दिन उसने न पत्नी को फोन किया, न घर पहुंचा। इससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ।
पुलिस का मानना है कि अनिल ने सुबह ही अनीता की हत्या कर दी और घर में ताला लगाकर बाहर चला गया। घर का सारा सामान सुरक्षित था, जिससे लूट की कहानी झूठी साबित हुई। घटनास्थल की स्थिति देखकर पुलिस का कहना है कि अनीता ने मरने से पहले संघर्ष किया था, क्योंकि शव के पास पड़ी हंसिया की नोंक मुड़ गई थी।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति मुख्य आरोपी प्रतीत हो रहा है। हत्या के पीछे के कारणों और अनिल के कथित प्रेमप्रसंग की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले की तह तक जाने का आश्वासन दिया है और कहा है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।