बाराबंकी। सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के खजुरी गांव में स्थित डॉक्टर रघुराज प्रताप सिंह की बाग में दो दिवसीय अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। दंगल के पहले दिन अखाड़े में देश के कई नामचीन पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं दिल्ली और हरियाणा से आईं महिला पहलवानों ने भी दमखम दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। महिला पहलवानों के मुकाबलों ने आयोजन को खास बना दिया। तकनीक, ताकत और आत्मविश्वास से भरे इन मुकाबलों में महिलाओं ने यह संदेश दिया कि कुश्ती के अखाड़े में वे किसी से कम नहीं हैं। रोमांचक दांव-पेंच और कड़े संघर्ष ने दर्शकों को देर शाम तक बांधे रखा। दंगल देखने के लिए आसपास के गांवों समेत दूर-दराज़ से कुश्ती प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे। पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच अखाड़ा उत्साह से गूंजता रहा। आयोजकों के अनुसार दूसरे दिन भी कई बड़े मुकाबले प्रस्तावित हैं, जिनका कुश्ती प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।