समर्थ साहब जगजीवन दास की तपोस्थली कोटवाधाम में कार्तिक पूर्णिमा मेले पर बुधवार सुबह ही भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। कोटवाधाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने पहले पवित्र अभरण सरोवर आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद मंदिर की कतार में खड़े होकर अपने आराध्य के दर्शन को पहुंचे और अपनी बारी आने पर सभी ने माथा टेका। भारी भीड़ होने से पूरा मेला श्रद्धालुओं से भरा हुआ नजर आ रहा है। मेले में सजी दुकानों पर लोग जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल मेले की निगरानी कर रहा है जिसमें सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।