सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौटे सैकड़ों परीक्षार्थियों और अन्य यात्रियों को मंगलवार शाम भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम करीब साढ़े सात बजे सुलतानपुर, अमेठी और रायबरेली जाने वाले अभ्यर्थी हैदरगढ़ हाईवे स्थित मुख्य चौराहे पर घंटों साधनों की तलाश में भटकते रहे। यात्रियों का आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी हैदरगढ़ डिपो की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था नहीं की गई। बस न मिलने के कारण अभ्यर्थियों को निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के लौटने की जानकारी होने के बावजूद परिवहन निगम ने पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। हैदरगढ़ बस स्टेशन से बसों के सीमित संचालन और यात्रियों की परेशानी का मुद्दा पहले भी उठता रहा है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से बेहतर बस संचालन की मांग की जाती रही है।