बाराबंकी में बार-बार पेशाब लगती है। खुलकर पेशाब नहीं होती। लेकिन समझ में नहीं आ रहा है कि कहां जाएं? किस अस्पताल और डॉक्टर से इलाज कराएं? तो अब बिल्कुल चिंता न करें। सीधे लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आर्युविज्ञान संस्थान के जनरल सर्जरी विभाग में पहुंचे। यहां के कक्ष संख्या, 9, 10, 11, 12 व 13 में विशेषज्ञ चिकित्सक मिलेंगे। आपकी जांचें होंगी। इलाज और ऑपरेशन निशुल्क होगा। संस्थान के विशेषज्ञ डॉ. एसके भट्ट ने जिला मुख्यालय से पांच किलो मीटर दूर श्रीराम वन कुटीर आश्रम हड़ियाकोल में लोगों को पेशाब की समस्याओं के प्रति रविवार की देर शाम जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पेशाब संबंधी समस्याएं लाइलाज नहीं हैं। पेशाब बार-बार लगने पर लोग बहुत परेशान होते हैं। अक्सर लोग इसे नजर अंदाज करते हैं, लेकिन पेशाब बार-बार लगना कैंसर का भी कारण बन सकता है। इसलिए इसे गंभीरता से लेना चाहिए। डॉ. भट्ट ने बताया कि जनरल सर्जरी विभाग में प्रत्येक मंगलवार व बृहस्पतिवार को विशेषज्ञ चिकित्सक बैठते हैं। मरीज को बस वहां पहुंचकर अपनी समस्या बतानी हैं। जिस भी तरह की पेशाब संबंधी समस्या होगी उसका निदान कराया जाएगा। इस मौके पर डॉ. नीलाब व आश्रम में हार्निया व हाईड्रोसिल का ऑपरेशन करने के लिए अपनी 100 सदस्यीय टीम के साथ आए उदयपुर राजस्थान के डॉ. जेके छापरवाल ने भी लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।