हमीरपुर जिले से प्रतापगढ़ जनपद में ईंट-भट्ठे पर काम करने गए मजदूरों से भरी प्राइवेट बस सोमवार को सुबह चार बजे बबेरू के मुरवल गांव के पास गहरी खाई में पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि बस उलटी पड़ी है और लोग दबे हुए हैं। पुलिस भी सूचना पर पहुंच गई और सभी घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंच गया। बस में सवार बिवांर निवासी रानी देवी ने बताया कि बस में करीब 80 मजदूर सवार थे। इसमें दस से ज्यादा बच्चे थे। बस सवार करीब 30 लोग घायल हुए हैं। बस में सवार लोग हमीरपुर जिले के मुस्करा, बिवार, राठ आदि के हैं। मजदूरों ने बताया कि बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी और चालक नशा भी किए था। बस धीमी चलाने को कई बार कहा गया, पर वह नहीं माना।