गैसड़ी (बलरामपुर)। आईएसआई से जुड़े आतंकी नेटवर्क के मामले में एटीएस द्वारा गिरफ्तार किए गए जमधरा निवासी शहरोज अहमद के पिता इश्तियाक अली ने कहा कि यदि उनका बेटा दोषी है तो उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए। इश्तियाक जरवा थाने में होमगार्ड हैं। उन्होंने बताया कि शहरोज बचपन में परिवार के साथ मुंबई में रहा और बाद में गांव लौटकर पढ़ाई की। इसके बाद वह दोबारा मुंबई चला गया, जहां चिकन की दुकान और वाहन चलाने का काम करता था। बीच-बीच में गांव भी आता-जाता रहता था। पिछले करीब दो वर्षों से उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। उसे शराब की लत लग गई थी और उसकी कुछ गतिविधियां भी संदिग्ध लगने लगी थीं, लेकिन इतने गंभीर मामले की कभी आशंका नहीं थी। सोमवार को एटीएस ने शहरोज के घर की तलाशी लेकर परिवार से पूछताछ की। गांव में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल रहा। क्या है मामला: एटीएस के अनुसार शहरोज पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट के कथित नेटवर्क से जुड़कर सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को बरगलाने और स्लीपर सेल तैयार करने की साजिश में शामिल था। मामले की जांच जारी है।