बलरामपुर/उतरौला। तेज आंधी और हवाओं के बाद हुई मूसलाधार बारिश ने नगर सहित ग्रामीण इलाकों में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। आंधी के चलते दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया। तेज हवाओं के कारण विद्युत पोल और तार टूट गए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग के कर्मचारियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। इसी बीच एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला से मरीज को लाने जा रही एंबुलेंस पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में एंबुलेंस चालक रामदीन और सहायक प्रभात यादव फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बारिश और आंधी से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, वहीं प्रशासन द्वारा राहत और बहाली कार्य तेज कर दिए गए हैं।