प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस पर सोमवार को दो जिला अस्पतालों सहित 12 स्वास्थ्य इकाइयों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें गर्भवती के सेहत की जांच की गई साथ ही उन्हें पौष्टिक आहार लेने का सुझाव दिया गया। जिला संयुक्त जिला चिकित्सालय में डॉ. अजय लक्ष्मी ने गर्भवती के वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर व शुगर आदि की जांच की। उन्होंने गर्भवती के साथ आए परिजनों को उनका विशेष ख्याल रखने का सुझाव दिया। कहा कि कोई भी दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। गर्भवती को फोलिक एसिड व आयरन की गोली के साथ फल भी वितरित किया गया। दोपहर 12 बजे तक अस्पताल में 35 गर्भवती की जांच हो चुकी थी। इसी तरह जिला महिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके मिश्र ने गर्भवती को देखा। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि शिविर में गर्भवती को फल, आयरन, कैल्शियम व फोलिक एसिड की दवा वितरित की गई। साथ ही मुफ्त अल्ट्रासाउंड के लिए क्यूआर कोड प्रदान किया गया है।