विधानसभा फेफना के ग्राम सभा सागरपाली में शनिवार को आयोजित समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सपा के प्रदेश सचिव राधाकृष्ण संजय ने कहा कि वर्तमान सरकार में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। आरोप लगाया कि सजातीय थानेदारों की तैनाती कर पीडीए समाज के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को धर्म और आस्था के नाम पर गुमराह किया जा रहा है, जबकि हिंदू धर्म सदैव महान रहा है। भगवान राम, कृष्ण, परशुराम, आल्हा-ऊदल, राणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान और वीर लोरिक की विरासत को कभी कोई खतरा पैदा नहीं कर सकता।सपा नेता ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी धर्मों का सम्मान किया है, लेकिन भाजपा के लोग धर्म के ठेकेदार बनकर देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की ओर से दिए गए वोट के अधिकार और संविधान पर भी खतरा है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हक और अधिकार छीने जा रहे हैं तथा पक्षपातपूर्ण व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मौके पर पर घूरा साहनी, लाला राजभर, सुदामा, पुनीत, दीपक, खालिद, राजमंगल यादव, अरूप गुप्ता, जीउत कनौजिया, अजय साहनी, अजय राजभर और शिवकुमार साहनी रहे।