चितबड़ागांव कस्बा में रात के अंधेरे में मनबढ़ युवकों का आतंक बढ़ गया है। मिठाई दुकान के बाहर रखे काउंट तोड़फोड़ मामले के पूर्व मनबढ़ों ने आधी रात को स्टेशन रोड स्थित कोचिंग सेंटर के बाहर लगे सीसी कैमरे को तोड़ दिया है। मनबढ़ बदमाशों के आतंक से व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है। व्यापारियों ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस कठोर कार्रवाई नहीं करेंगी तो किसी दिन बढ़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। रेलवे स्टेशन के पास कोचिंग सेंटर व लाइब्रेरी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को बाइक सवार बदमाशों ने क्षतिग्रस्त कर अपने साथ ले गए। लाइब्रेरी संचालक राकेश पाण्डेय ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि एक जनवरी की देर रात बाइक सवार नकाबपोश बदमाश ने ईंट-पत्थर से वार कर कैमरे को तोड़ा और उसे लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर डायल 112 के जवानों ने जांच पड़ताल कर वापस लौट गए। घटना के दो दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि है। व्यापारी नेता पप्पू केसरी ने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से हौसला बुलंद बदमाश रात के समय पुलिस की शिथिलता का फायदा उठाकर कभी दुकानों तो कभी शैक्षिक संस्थानों पर लगे कैमरों और काउंटरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।