होमगार्ड की परीक्षा व रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को सड़कों पर लोग निकले तो शहर जाम की चपेट में रहा। कामायनी एक्सप्रेस के लिए रेलवे क्रासिंग बंद होने से सड़क से लेकर ओवर ब्रिज तक करीब डेढ़ घंटे तक वाहन जाम में रेंगते रहे। तेज धूप में जाम में फंसे बाइक सवार, स्कूली बस के छोटे बच्चे व राहगीर बिलबिलाते नजर आए। यातायात जवानों को जाम छुड़ाने में काफी फजीहत उठानी पड़ी। टीडी कालेज, चित्तु पांडेय चौराहा पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया। जाम में चार एंबुलेंस व 12 स्कूल बसें फंसी रहीं। पटरी पर अतिक्रमण के कारण राहगीरों को निकलने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। बहेरी से बहादुरपुर तक दो किमी लंबा जाम रहा। इसके कारण स्टेशन के सामने, रोडवेज तिराहा, कुंवर सिंह, जगदीशपुर चौराहा, मिड्ढी चौराहा सहित सात चौराहा व तिराहा पर जाम के हालात बना रहा। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से जाम से लोग परेशान रहे।