रूपईडीहा, बहराइच। कस्बे में स्थित स्टेट बैंक के पास एक निष्प्रयोज्य मोबाइल टावर पर एक नाबालिग युवती चढ़ गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रूपईडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। अपराध निरीक्षक रूपईडीहा गणेश तिवारी ने बताया कि सीमा बानो उर्फ आशिया बानो (17) पुत्री शब्बीर अहमद निवासी लहरपुर सहजना, गांव के ही निवासी रमजान पुत्र ननके से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी। पुलिस के अनुसार रमजान पहले से शादीशुदा है तथा उसके दो बच्चे भी हैं। युवती नाबालिग होने के कारण मामला संवेदनशील बना हुआ है। युवती की मां कदरूनिसा पत्नी शब्बीर अहमद ने बताया कि उनकी सबसे छोटी बेटी पिछले लगभग एक माह से रमजान के संपर्क में है और उसी से शादी करने की जिद कर रही है। परिवार द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी। मां ने बताया कि बालिग होने पर उसकी शादी कहीं और तय कर दी जाती, लेकिन वह लगातार रमजान से ही विवाह करने की बात कह रही थी। घटना के दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाकर और बातचीत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस युवती और उसके परिजनों को थाने ले गई, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर अपराध निरीक्षक गणेश तिवारी, उपनिरीक्षक कादिर खान, हरिश्चंद्र पांडे, अभिषेक सिंह, अभिषेक राय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। आरक्षी अयोध्या प्रजापति के प्रयासों को युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में महत्वपूर्ण बताया गया।