मिशन शक्ति योजना 5.0 के तहत बुधवार को थाना नवाबगंज में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा लक्ष्मी को एक दिन का थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। छात्रा लक्ष्मी ने थाना पहुंचकर हरिहरपुर गांव निवासी राजेश कश्यप की पत्नी कमला समेत अन्य फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित उपनिरीक्षकों को निस्तारण हेतु प्रार्थना पत्र सौंपा। कहा कि सभी मामलों में गंभीरता से जांच करें। एक दिन की थाना प्रभारी बनी लक्ष्मी ने थाना परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण किया, मालखाना, कंट्रोल रूम और बंदी गृह का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस वाहन से आरक्षियों के साथ क्षेत्र का भ्रमण भी किया। इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक इसरत जहां ने उपस्थित छात्राओं और महिलाओं को राज्य सरकार की नारी सशक्तीकरण एवं सुरक्षा योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930, अग्निशमन सेवा 101, आपातकालीन पुलिस 112, एंबुलेंस सेवा 108, चाइल्डलाइन 1098, वूमेन हेल्पलाइन 181, गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं हेतु 102 और वूमेन पावर लाइन 1090 के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर यादव, महिला आरक्षी सुप्रिया पाल, विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रीति झा, छात्राएं, शिक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।