नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल एजेंसी के अवैध गोदाम से 8,341 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप, स्पास कैप्सूल तथा एक कार बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में थाना रूपईडीहा पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 30 जून को थाना रूपईडीहा पुलिस ने आदित्य कुमार मिश्रा को 2,349 बोतल नशीली कफ सिरप, 12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल एवं अन्य प्रतिबंधित दवाओं के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने बताया कि कोडिन युक्त कफ सिरप उसे शिवांश मेडिकल एजेंसी के संचालक अजय कुमार यादव द्वारा उपलब्ध कराया जाता था। इस सूचना पर 1 जुलाई की रात थाना रूपईडीहा पुलिस एवं औषधि निरीक्षक, बहराइच की संयुक्त टीम ने पहले दिवाकर विक्रम सिंह मेडिकल स्टोर की जांच की, जहां कोई अनियमितता नहीं मिली। इसके बाद शिवांश मेडिकल एजेंसी के संचालक अजय कुमार यादव के मेडिकल स्टोर के बगल स्थित पुराने गोदाम की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 67 गत्तों में रखी 8,341 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप, स्पास कैप्सूल तथा कार संख्या UP32PE4438 बरामद हुई। बरामद दवाओं का कोई वैध अभिलेख या स्टॉक रजिस्टर मौके पर उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस मामले में थाना दरगाह शरीफ में एनडीपीएस एक्ट, भारतीय न्याय संहिता तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अजय कुमार यादव पुत्र ननकू प्रसाद, निवासी असरफा दा. परसौरा, थाना दरगाह शरीफ को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि बरामदगी में ANREX की 5,520 बोतल, अन्य ब्रांड की 1,152 बोतल, COFIZA की 748 बोतल, OHMEREX-T की 240 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप, CARISPAS-1 एवं SPAS-ONE कैप्सूल के अलावा एक कार भी जब्त की गई है। मामले में पूछताछ जारी है तथा अवैध दवा कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत, उपनिरीक्षक राहुल सरोज, उपनिरीक्षक पदुमनाथ सिंह (थाना दरगाह शरीफ), आरक्षी अभिषेक राय, अभिषेक सिंह, जयचंद गौड़, रविंद्र यादव, विकास प्रजापति, महिला आरक्षी बैजंती राजपूत तथा औषधि निरीक्षक, बहराइच की संयुक्त टीम शामिल रही।