श्रम विभाग की ओर से बुधवार को शहर के गेंदघर मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देवीपाटन मंडल के बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों और अविवाहित महिला श्रमिकों के कुल 93 जोड़ों का विवाह विधि विधान से संपन्न कराया गया। उप श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी ने बताया कि कन्या विवाह सहायता योजना के तहत प्रत्येक पात्र जोड़े को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में दी जाएगी। यह राशि वधु के माता-पिता या पंजीकृत महिला श्रमिक को दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का स्वागत किया गया और नवविवाहित जोड़ों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक सरोज सोनकर समेत कई जनप्रतिनिधियों ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस मौके पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, सीडीओ सुनील कुमार धनवंता और उप श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी भी मौजूद रहे।