बहराइच में नगर पंचायत रुपईडीहा ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल की है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य ने जानकारी देते हुए बताया कि रुपईडीहा बाजार सहित आसपास के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कैमरे स्थापित होने के बाद नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार मिलेगा और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। अध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे सार्वजनिक सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपदा नियंत्रण और अपराध की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कैमरों की मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा, जिससे अपराध की घटनाओं में स्वाभाविक रूप से कमी आएगी। इन सभी कैमरों की निगरानी नगर पंचायत कार्यालय में स्थापित डिजिटल कंट्रोल रूम से की जाएगी। कंट्रोल रूम के माध्यम से कैमरों से मिलने वाले फीड की रियल टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी। डॉ. उमाशंकर वैश्य ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर लगातार प्रतिबद्ध है। यह सीसीटीवी नेटवर्क न केवल अपराध नियंत्रण बल्कि यातायात सुधार और आपदा प्रबंधन में भी मील का पत्थर साबित होगा। नगर पंचायत द्वारा उठाया गया यह कदम रुपईडीहा को एक सुरक्षित, सुसंगठित और आधुनिक नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।