बहराइच में आदर्श नगर पंचायत, रुपईडीहा क्षेत्र के रामलीला चौराहे की सूरत जल्द ही बदली जाएगी। नगर पंचायत द्वारा चौराहे के सौंदर्यीकरण की योजना को अंतिम रूप दिया गया है। इससे यह चौराहा धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा। नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. उमाशंकर वैश्य ने बताया कि रामलीला चौराहे के नाम के अनुरूप यहां भगवान राम से जुड़े प्रतीक चिन्ह लगाए जाएंगे। इससे चौराहे की सुंदरता में वृद्धि होगी और आने-जाने वाले लोगों को एक आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा। सौंदर्यीकरण के बाद रामलीला चौराहा नगर की पहचान के रूप में उभरेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र का वातावरण बेहतर होगा और नगर की छवि निखरेगी। नगर पंचायत द्वारा जल्द ही कार्य शुरू कराए जाने की तैयारी की जा रही है।