यूपी के बहराइच में सोमवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 400 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। शहर के गेंद घर मैदान में एक पंडाल के नीचे मंत्र गूंजे। वहीं, दूसरी तरफ कुबूलनामा पढ़ा गया। 340 जोड़े हिंदू रीति रिवाज से परिणय सूत्र में बंधे। जबकि, मुस्लिम रीति से 60 जोड़ों का निकाह हुआ। सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य अतिथि सांसद डॉक्टर आनंद गोंड रहे। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी व अन्य जनप्रतिनिधि भी सामूहिक विवाह के साक्षी बने। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि परंपरागत तरीके से हिंदू व मुस्लिम परिवारों के गरीब तबके की बेटियों की शादी धूमधाम से संपन्न करवाई गई। प्रति जोड़े पर एक लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई। वर्तमान वित्तीय सत्र में 738 जोड़ों का सामूहिक विवाह करने का लक्ष्य है, उसके सापेक्ष प्रथम चरण में 400 जोड़ों का विवाह हुआ। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पांडेय ने बताया कि आयोजन पर चार करोड़ का बजट खर्च हुआ है। प्रत्येक वधू के खाते में 60 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई है। जबकि, 25 हजार रुपये में जेवर व उपहार वर-वधू को दिए गए। 15 हजार रुपये कार्यक्रम में होने वाले नाश्ते व खानपान पर खर्च हुए।