यूपी के बहराइच में शनिवार को तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में एक मकान में आग लग गई। आग से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला के पति ने जमीन विवाद में अपने साले व उनके बेटे पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है। उसका कहना है कि पीड़ित ने खुद अपने घर में आग लगाई है। मामले की जांच की जा रही है । घटना दरगाह थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनचक गांव की है। गांव में राजीव अपनी पत्नी चंदा के साथ रहते हैं। शनिवार की तड़के करीब 3.00 बजे उनके घर में आग लग गई। इसमें चंदा बुरी तरह झुलस गई। सूचना पर दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। झुलसी हुई महिला ने बताया कि मकान के विवाद में उसके रिश्ते के भाइयों मोहम्मद सफी, शमी व आश्मी ने आग लगाई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला जलते हुए घर से बाहर निकलती दिखाई पड़ रही है। इस दौरान वो एक युवक को भी रोकती नजर आ रही है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।