बागपत में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दस्तावेजों से संबंधित कार्यों को ठेके पर दिए जाने संबंधी जारी नोटिफिकेशन के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने एसडीएम एवं उपनिबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर सरकार के निर्णय के खिलाफ नारेबाजी की और नोटिफिकेशन को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सरकार का यह फैसला अधिवक्ताओं, टाइपिस्टों और दस्तावेज लेखकों के हितों के विपरीत है। उनका आरोप है कि इस व्यवस्था के लागू होने से वर्षों से दस्तावेजी कार्य से जुड़े लोगों की आजीविका प्रभावित होगी और बड़ी संख्या में लोग बेरोजगारी का सामना करेंगे। अधिवक्ता दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार को यह नोटिफिकेशन तत्काल वापस लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो अधिवक्ता आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। प्रदर्शन में चरण सिंह खोखर, अमरजीत ढाका, जसवीर सिंह ढाका, महिपाल, तेजपाल शर्मा, सुमित गौतम, रोहित शर्मा और दीपक कुमार सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।