बागपत जनपद के चमरावल मार्ग स्थित महिला थाने के पास शिव मंदिर के निकट रखे प्लास्टिक पाइपों में अचानक आग लगने से करीब 80 लाख रुपये का नुकसान हो गया। ये पाइप हर घर जल योजना के तहत शहर में पाइपलाइन बिछाने के लिए रखे गए थे। आसपास के लोगों ने आग को तेजी से फैलता देख तुरंत घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास की झाड़ियों में किसी ने आग लगाई होगी, जिससे पाइपों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। हर घर जल योजना के सुपरवाइजर अनुप सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग की समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों को भी नुकसान हो सकता था। इस घटना में पाइपों का करीब 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।