फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलकर अलग-अलग पासपोर्ट बनवाने के आरोपी मोहम्मद तारिक को गंभीरपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पासपोर्ट धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज थी और वह काफी समय से वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा कूटरचित पासपोर्ट एवं अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में गंभीरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवालने बताया कि 13 मई को वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार यादव की तहरीर पर गंभीरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज किया गया था। आरोप था कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंगरावा रायपुर गांव निवासी मोहम्मद तारिक ने कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि बदलते हुए अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए थे। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। रविवार को उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ रोहुआ मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।