कथा प्रवाचक पवन देव पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाले मामले में नया मोड़ सामने आया। जिस महिला ने कथा प्रवाचक पवन देव पर गंभीर आरोप लगाए थे, अब उसी महिला का सगा भाई पवन देव के समर्थन में सामने आ गया है। भाई ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर अपनी ही बहन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला के भाई ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बहन पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। ऐसे में शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप पूरी तरह निराधार है। उसने कहा कि उसकी बहन बेहद शातिर प्रवृत्ति की है और उसका मकसद केवल अवैध वसूली करना है। तहरीर में भाई ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बहन ने साजिश के तहत पवन देव को झूठे मामले में फंसाया है ताकि उससे मोटी रकम वसूली जा सके। भाई ने पवन देव को निर्दोष बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।