राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को राम मंदिर परिसर में श्री राम यंत्र की विधिवत स्थापना की। दोपहर 2 बजकर 50 मिनट पर मंदिर से बाहर निकलते हुए उन्होंने अपने संबोधन में घट-घटवासी राम, मुझमें राम, तुझमें राम, सबमें राम समाएं का संदेश देकर सामाजिक एकता और आध्यात्मिक भाव को मजबूत करने की अपील की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राष्ट्रपति का काफिला आद्य शंकराचार्य द्वार से होते हुए एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। मार्ग में उन्होंने गाड़ी में बैठे हुए हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। राष्ट्रपति के दर्शन पाने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कलाकार कार्यकम की प्रस्तुति देते रहे।