खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय अयोध्या के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल डाभासेमर में जिला स्तरीय जूनियर बालक/बालिका बास्केटबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले की 8-8 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। सेपक टाकरा के बालक वर्ग में राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि विद्यालय क्रीड़ा समिति अयोध्या उपविजेता रही। वहीं बालिका वर्ग में विद्यालय क्रीड़ा समिति अयोध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा मैथिडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज अयोध्या ने उपविजेता स्थान हासिल किया। सेपक टाकरा प्रतियोगिता का उद्घाटन क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया, जबकि बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले, जिससे दर्शक भी रोमांचित रहे। प्रतियोगिता का समापन जिला सहकारी बैंक अयोध्या के चेयरमैन धर्मेंद्र प्रताप सिंह की ओर से किया गया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बास्केटबॉल प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सेपक टाकरा संघ के सचिव विजेंद्र सिंह, जिला ओलंपिक संघ के सचिव परमेन्द्र सिंह, वॉलीबॉल प्रशिक्षक मुकेश सिंह, बैडमिंटन प्रशिक्षक कुलदीप श्रीवास्तव, एथलेटिक्स प्रशिक्षक रोहित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।