समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को तहसील रुदौली में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार के नेतृत्व में पेपर लीक, छात्र समस्याओं और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित सात सूत्री ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, जंतर-मंतर पर प्रदर्शनरत छात्रों की मांगों के समाधान तथा लोकतांत्रिक विरोध और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा की मांग की गई। साथ ही शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की भी मांग की गई। इस दौरान सियाराम यादव, शुएब खान, कफील खान, शकील खान, यशवंत कुमार, रमेश यादव, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।