उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित महिला चौपाल के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं। मौके पर ही 13 महिलाओं की समस्याओं का निस्तारण किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य, सुरक्षा, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मसौदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हेल्थ डेस्क भी स्थापित किया गया, जहां जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल , सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।