मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को सोहावल में 432 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग आज आस्था की बात करते हैं, उन्हीं लोगों ने अतीत में पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्पना कीजिए, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकता है? क्या सपा या कांग्रेस ऐसी व्यवस्था करा पाएगी? यदि नहीं, तो अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया?" उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस ने हमेशा अयोध्या और रामभक्तों का विरोध किया तथा राम मंदिर निर्माण में भी बाधाएं खड़ी कीं। योगी ने कहा कि कभी कोई सोच भी नहीं सकता था कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा, लेकिन डबल इंजन सरकार ने यह सपना साकार कर दिखाया। उन्होंने कहा कि सपा के लोग एयरपोर्ट के नाम पर जनता को गुमराह करते थे, जबकि आज देश के विभिन्न शहरों से अयोध्या की बेहतर हवाई, रेल और सड़क कनेक्टिविटी स्थापित हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निषादराज के नाम पर रैन बसेरा, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट और माता शबरी के नाम पर भोजनालय स्थापित कर सरकार ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा-कांग्रेस ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, जबकि डबल इंजन सरकार ने 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर निर्माण का सपना पूरा किया। अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि पहले यह शहर उपेक्षा, गंदगी और बदहाल सुविधाओं के लिए जाना जाता था, लेकिन आज अयोध्या देश की सबसे तेजी से विकसित होने वाली धार्मिक नगरी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि अयोध्या सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है, गुप्तारघाट और सूरजकुंड का कायाकल्प हो चुका है तथा भरतकुंड का सुंदरीकरण तेजी से चल रहा है। भक्तिपथ, रामपथ और जन्मभूमि पथ नई पहचान बन चुके हैं। सभा में मुख्यमंत्री ने दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा की। शुचितागंज-खिरौनी नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी नगर पंचायत तथा भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर-भरतकुंड नगर पंचायत किए जाने का एलान किया।