भारत-पाकिस्तान के युद्ध में ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता के बाद सात मई को पैदा हुए बच्चे का नाम भी सिंदूर रखा जा रहा है। पहलगाम आतंकी घटना का बदला लेने के लिए सात मई को भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, उसी दिन अयोध्या जिला अस्पताल में पांच बच्चे पैदा हुए थे। इसमें एक परिवार ने अपने बच्चे का नाम सिंदूर रखा है। आयुष्मान वार्ड में भर्ती मरीज सोनी कनौजिया ने सात मई को बेटे को जन्म दिया था। आयुष्मान वार्ड की स्टाफ नर्स मीरा गौतम ने बताया कि सात मई को पांच बच्चे पैदा हुए थे। इसमें एक परिवार अयोध्या के पलिया शाहबदी का रहने वाला है। उन्होंने अपने बच्चे का नाम सिंदूर रखा है। पिता पंकज कनौजिया ने बताया कि मैं चाहता हूं मेरा बेटा बड़ा होकर फौज में भर्ती हो और देश की रक्षा करे। वहीं, माता सोनी कनौजिया ने कहा कि मैं भी चाहती हूं मेरा बच्चा बड़ा होकर सेना में भर्ती हो और मां, बहन और बेटियों की रक्षा करे। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की शानदार सफलता के बाद अब देश के लोग भी सिंदूर के प्रति अपना जज्बा प्रकट कर रहे हैं। सात मई को पैदा हुए बच्चे का नाम भी सिंदूर रख रहे हैं।