अयोध्या में संदिग्ध परिस्थितियों में एक वृद्ध का शव झाड़ियों के बीच फांसी के फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना कोतवाली अयोध्या के रानोपाली पुलिस चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और जांच शुरू की। पुलिस को मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान अनिल कुमार पुत्र रोशन लाल, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हो रही है। कोतवाली अयोध्या पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।