अयोध्या में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले छह आउटसोर्स परिचालकों पर सख्त कार्रवाई की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार इन सभी संविदा परिचालकों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। उनके नाम डिपो की सूची से हटा दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित परिचालकों ने अगस्त 2025 से लेकर 14 फरवरी 2026 तक निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी ड्यूटी का निर्वहन नहीं किया। कई महीनों तक उनकी उपस्थिति पूरी तरह शून्य रही, जिसके कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ और निगम को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए न केवल सेवाएं समाप्त कीं, बल्कि इन परिचालकों की प्रतिभूति राशि जब्त करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही यह राशि संबंधित फर्म को वापस किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।